
बिजली संकट: अघोषित बिजली कटौती को लेकर आम आदमी ने जताया विरोध, सौंपा ज्ञापन
अयोध्या। प्रदेश में बिजली संकट सहित अन्य मुद्दों को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी ने विरोध जताया है। साथ इसका समाधान कराए जाने की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा है। आम आदमी पार्टी ने अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर एवं फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल प्रजापति के नेतृत्व में हुए विरोध के दौरान प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी संजीव निगम ने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनता बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है तब सरकार के जिम्मेदार मंत्री समस्याओं का समाधान करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी में व्यस्त हैं। जनता को राहत देने के बजाय उसकी आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उद्योग, व्यापार, खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। इस दौरान गायत्री मिश्रा, शारजाह मास्टर, रघुनाथ प्रसाद, नीलेश चतुर्वेदी, रामजी लाल वर्मा, यू के दिवेदी, कृष्णानाथ यादव, अखिलेश कुमार , कुलभूषण साहू, मोहित महाराज राजीव पाठक, आदर्श कुमार, गुड़िया राईन, आदर्श कुमार, दिवस सिंह, मनोज दुबे, साक्षी, नेहा, प्रभावती, राहुल, रोली आदि मौजूद रहे।
