अयोध्या। रामनगरी में स्नान दान और दर्शन पूजन करने आया एक युवक सरयू में स्नान के दौरान हादसे का शिकार हो गया। स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गया। मामले की जानकारी पर जल पुलिस ने सरयू में डूबे युवक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया गया कि सरयू में डूबा युवक का नाम रामकरन राजभर (17 वर्ष) पुत्र रामसेवक राजभर ग्राम मालती उकरहवा थाना कोतवाली मनकापुर जिला गोंडा अपने चार अन्य साथियों सूरज राजभर, विजय बहादुर चौहान व सचिन चौहान और विकास कुरील के साथ दर्शन पूजन के लिए अयोध्या आया था।
सुबह सभी सरयू पुराने पुल के नीचे स्नान कर रहे थे। इसी दौरान रामकरन राजभर गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। लापता युवक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके साथियों ने तत्काल मामले की जानकारी जल पुलिस को दी। सूचना पर एसडीआरएफ और जल पुलिस ने संयुक्त रूप से सरयू में लापता युवक की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी कोई सफलता नहीं मिल पाई है।
जल पुलिस प्रभारी आरपी मौर्य का कहना है लापता युवक सुरक्षा जेटी को फांदकर मुख्य नदी क्षेत्र के गहरे पानी में चला गया और स्नान के दौरान नदी में गहराई ज्यादा होने के कारण डूब गया।
