
अयोध्या। महंगाई, गैस संकट और नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अनोखा प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने पूर्व राज्यमंत्री तेज नारायण पांडे के नेतृत्व में सिर पर गैस सिलेंडर रखकर और ठेले पर मोटरसाइकिल लादकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सपा नेता प्रदर्शन करते हुए रीडगंज चौराहे पर पहुंचे जहां पुलिस ने उन्हें रोक लिया। दौरान पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि बाद में माहौल शांत कराया गया और प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
सपा नेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। वहीं गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्ग ज्यादा परेशान है।
सपा नेताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को भी बड़ा मुद्दा बताते हुए सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य लगातार भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। वहीं पूर्व राज्यमंत्री तेज नारायण पांडे उर्फ पवन पांडे ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को हटाकर अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाएगी।

