
Ayodhya Academy Convocation Ceremony 2026: अयोध्या अकादमी में प्रतिभाओं का संगम, संगीत-नृत्य और मार्शल आर्ट ने मोहा मन
अयोध्या। अयोध्या अकादमी के प्रांगण में शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को स्वर्गीय श्रीमती नीरजा मिश्रा की स्मृति में संचालित विंग क्लासेस का दीक्षांत समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में संगीत, नृत्य, मार्शल आर्ट और विधिक जागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी 200 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय, लखनऊ के अधिवक्ता श्री प्रणव अनुराग को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। म्यूजिक विंग में अंकुर स्टीफन एवं दिविष्ठ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की।
डांस विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। सीनियर कक्षा के विद्यार्थियों ने भी शानदार नृत्य प्रदर्शन किया। डांस विंग के प्रशिक्षक आदर्श ओझा और गुरप्रीत कौर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, मार्शल आर्ट विंग के प्रशिक्षक अभय सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित बच्चों ने मार्शल आर्ट का प्रदर्शन किया। अभय सिंह ने विद्यार्थियों को आत्मरक्षा एवं जीवन रक्षक प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी दी।
समारोह में विधिक जागरूकता को भी विशेष स्थान दिया गया। विद्यार्थियों ने कानूनी अधिकारों और कानूनों से संबंधित प्रस्तुति दी तथा मुख्य अतिथि प्रणव अनुराग से विभिन्न सवाल पूछे। मुख्य अतिथि ने बच्चों को आम नागरिकों के कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने विशेष रूप से पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का कानूनी दृष्टिकोण से समाधान किया।
इस अवसर पर शहर के प्रख्यात संगीतज्ञ एवं कथक कला केंद्र के संस्थापक श्री प्रचेता ने सुंदर गजल प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बनाया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी 200 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में अकादमी के प्रबंधक प्रदीप तिवारी, प्रधानाचार्या सौम्या अचारी, उपप्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ अध्यापक प्रेम कुमार द्विवेदी, गौरी द्विवेदी, मृत्युंजय मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, खुशबू पांडेय, सुष्मिता पांडेय, नवीन द्विवेदी, सुनीता तिवारी, वर्षा तिवारी, राजाराम वर्मा, नेहा श्रीवास्तव, लक्ष्मी विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य नागरिक और अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
