
Ganpati Visarjan: भारी बारिश भी नहीं रोक सकी बप्पा की विदाई, ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठी रामनगरी
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में गणेश उत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को नम आंखों से विदाई दी। दो दिनों से जारी झमाझम बारिश और तेज हवाओं के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के अलग-अलग स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गाजे-बाजे और जयकारों के बीच गुप्तार घाट पहुंची।

शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु छाता लेकर डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। इस दौरान पूरा माहौल ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से गूंज उठा। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा में हिस्सा लिया। कई स्थानों पर श्रद्धालु एक-दूसरे के साथ गुलाल खेलते हुए भी नजर आए।
शहर के विभिन्न स्थानों से गणेश प्रतिमाओं को मुख्य मार्गों से होते हुए गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड लाया गया, जहां विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने लायक रहा।
गणपति विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ और देर रात तक चलने वाले विसर्जन को देखते हुए निर्मली कुंड और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की।
