सरयू हादसा: स्नान के दौरान युवक तेज धारा में बहा, SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के गुप्तारघाट पर रविवार को सरयू नदी में स्नान करने गया 35 वर्षीय युवक तेज धारा में बह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू, निवासी हस्नू कटरा, अपने तीन दोस्तों के साथ गुप्तारघाट सरयू स्नान करने पहुंचा था। चारों दोस्तों में से तीन नदी में स्नान कर रहे थे, जबकि एक दोस्त बाहर खड़ा था। इसी दौरान चंद्र प्रकाश सरयू की तेज धारा की चपेट में आकर बह गया।
बताया जा रहा है कि नदी में स्नान कर रहे दो युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन चंद्र प्रकाश का पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय गोतखोरों के साथ टीम युवक की तलाश में जुट गई।
इस समय सरयू नदी उफान पर है और तेज बहाव के कारण नदी में पानी का प्रवाह काफी तेज है। ऐसे में स्नान के दौरान युवक के बहने से हादसे की गंभीरता और बढ़ गई है।
चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। हादसे की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन और स्थानीय लोग युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम सरयू नदी में चंद्र प्रकाश की तलाश कर रही है।
