
दुर्गा पूजा महोत्सव: बीकापुर में 75 दुर्गा प्रतिमाओं का हुआ सकुशल विसर्जन, आज 108 प्रतिमाएं होंगी विसर्जित
बीकापुर, अयोध्या। कोतवाली बीकापुर क्षेत्र में शारदीय नवरात्र पर स्थापित कुल 192 दुर्गा प्रतिमाओं में से मंगलवार को 75 प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के साथ सकुशल संपन्न हो गया। इनमें कस्बा बीकापुर, खजुराहट कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिमाएं शामिल रहीं।
कस्बा बीकापुर और खजुराहट की प्रतिमाओं का विसर्जन निर्मली कुंड व गुप्तारघाट पर किया गया। इसके अलावा चिरंजीवीर, राजौरा तालाब, धामिया तालाब, पलटूवीर, घूसकाई नाथ, खिदिरपुर, महमदभारी व एक प्रतिमा का विसर्जन डबल नहरा धनपतगंज भारती सरिया में हुआ।
कस्बा बीकापुर की प्रतिमा का जुलूस देर रात कस्बे से निकला। डीजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे, वहीं कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सहायक पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार गोदारा (आईपीएस) व उपजिलाधिकारी बीकापुर संतोष कुमार लगातार भ्रमणशील रहे। प्रभारी निरीक्षक बीकापुर देवेंद्र पांडेय कस्बा बीकापुर में भारी भीड़ के बीच अपनी टीम के साथ मौजूद रहे, जबकि अतिरिक्त निरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने कोछा बाजार, मोतीगंज व चौरे बाजार क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन कराया।
बुधवार को 108 प्रतिमाओं का विसर्जन भरतकुंड, सीताकुंड, खिदिरपुर, पलटूवीर आदि स्थानों पर किया जाएगा। वहीं शेष प्रतिमाओं का विसर्जन आगामी 26 अक्टूबर को पूर्णिमा के दिन डबल नहरा, गुप्तारगंज सुल्तानपुर में संपन्न होगा।

