
किसान यूनियन धरना: घर का गेट गिराए जाने पर भड़की भाकियू, 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
मिल्कीपुर, अयोध्या। जिले के तहसील क्षेत्र के बिरौलीझाम गांव में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानू) अयोध्या धाम के जिला अध्यक्ष ईश्वरदीन यादव के नेतृत्व में 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने जा रहा है।
संगठन के प्रदेश प्रमुख महासचिव रमेश तिवारी ने रविवार को बताया कि इस संबंध में उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर को 5 सितंबर को ज्ञापन सौंपा जा चुका है। ज्ञापन में कहा गया है कि अमानीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत बिरौलीझाम में स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे के दरवाजे पर 14 सितंबर से धरना, पंचायत और अनशन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रमेश तिवारी ने बताया कि यह धरना स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे की बहू मंजू देवी के घर के दरवाजे को प्रशासन द्वारा गिराए जाने और उनकी समस्याओं का समाधान न होने के विरोध में किया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि 23 अगस्त को राजस्व निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बिना उचित सुनवाई के मंजू के घर का मुख्य दरवाजा गिरा दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के दौरान परिवार की दो अविवाहित बेटियों का भी पुलिस द्वारा चालान कर दिया गया, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार लंबे समय से अपनी जमीन और आवास से जुड़ी समस्या को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
भाकियू (भानू) ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने 14 सितंबर से पहले पीड़ित परिवार को न्याय नहीं दिया और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो संगठन गांव में ही अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेगा। धरने में अयोध्या मंडल के अलावा अन्य जिलों के किसान भी शामिल होंगे।
रमेश तिवारी ने कहा कि किसान यूनियन पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और जब तक मंजू देवी को न्याय नहीं मिलता और उनके घर के दरवाजे का पुनर्निर्माण नहीं होता, तब तक धरना जारी रहेगा।
