
Ayodhya News : सामाजिक न्याय के संघर्ष को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
शोषित-वंचितों की आवाज थीं फूलन देवी, उनके संघर्ष को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि : पारसनाथ यादव
अयोध्या। समाजवादी पार्टी कार्यालय लोहिया भवन, गुलाबाड़ी में सोमवार को पूर्व सांसद एवं वीरांगना फूलन देवी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के नि. जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव व संचालन नि. जिला महासचिव बख्तियार खान ने किया। उपस्थित पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वीरांगना फूलन देवी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद किया।
नि. जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि वीरांगना फूलन देवी का जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए फूलन देवी ने शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों की आवाज को बुलंद किया। सांसद बनने के बाद भी उन्होंने समाज के दबे-कुचले और वंचित लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। फूलन देवी का जीवन समाज के वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सामाजिक न्याय और समानता की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम करें। पारसनाथ यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी डॉ. राम मनोहर लोहिया, नेताजी मुलायम सिंह यादव और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए कमजोर, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के सम्मान एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि वीरांगना फूलन देवी का जीवन सामाजिक विषमता और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की मिसाल है। उन्होंने कहा कि फूलन देवी ने अत्यंत विपरीत परिस्थितियों से निकलकर लोकतंत्र के सर्वोच्च सदन तक का सफर तय किया और समाज के गरीब, पिछड़े, शोषित तथा वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि संघर्ष और लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान और अधिकार दिलाया जा सकता है।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में अनित शुक्ला, राजेश पटेल,अवधेश यादव, राजित राम रावत, अंसार अहमद, दान बहादुर सिंह, बाबूराम गौड़, रामजी पाल, डॉ. गोविंद विश्वकर्मा, बसंतलाल चौरसिया, राकेश चौरसिया, शिवकुमार फौजी, सीताराम यादव, घनश्याम यादव, सरोज यादव, जितेंद्र प्रजापति, इंद्रपाल यादव, राशिद जमील, रेहान खान, सुरजीत यादव, विजय कुमार यादव, पूजा वर्मा, मनोज यादव, जुनैद अहमद, जितेंद्र कुमार, जगजीवन पटेल, पवन यादव, अश्वनी यादव, अखंड यादव एवं दातादीन यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निषाद पार्टी ने की फूलन देवी की मौत की सीबीआई जांच की मांग

अयोध्या। पूर्व सांसद स्वर्गीय फूलन देवी की जयंती पर निषाद पार्टी के नेताओं ने उनकी मौत की सीबीआई जांच की माँग को लेकर ज्ञापन सौंपा। निषाद पार्टी के नेता रविंद्र निषाद ने फूलन देवी की मौत की सीबीआई जांच की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनकी हत्या और साजिश में शामिल लोगों को जेल भेजा जाना चाहिए।फूलन देवी की संपत्ति पर कब्जे का आरोप लगाते हुए उसे मुक्त कराने की मांग की, कहा सपा के कुछ गुंडो ने उनकी संपत्ति पर कब्जा कर रखा है। फूलन देवी के नाम पर शिक्षण संस्थान और कौशल केंद्र खोलने की मांग की गई।
