
Ayodhya News : पुलिस ने मेडिकल परीक्षण करा किया चालान
अयोध्या। नगर कोतवाली पुलिस ने शराब कारोबार में मैनेजर और अन्य कर्मियों की ओर से किए गए साढ़े तीन करोड़ के खेल में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवा चालान किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा की पुलिस टीम ने रायबरेली रोड मोहल्ला उसरू में शराब की गोदाम के पास से 46 वर्षीय अखिलेश सिंह निवासी गौरा पट्टी नियावा थाना कैण्ट,जनपद अयोध्या, 34 वर्षीय वीरेन्द्र कुमार मिश्रा निवासी सगरा सुंदरपुर थाना लीलापुर जनपद प्रतापगढ और 29 वर्षीय प्रितेश कुमार तिवारी निवासी मिश्रपुर पूरे नन्दू थाना लीलापुर जनपद प्रतापगढ को गिरफ्तार किया है।
छह सालों का होता रहा था खेल
अमर इंटरप्राइजेज फैजाबाद के पार्टनर लखनऊ के आलमबाग निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ राकी ने फर्म के वर्ष 2019 से मैनेजर मो.सुल्तान खान,एकाउंटेंट प्रितेश तिवारी और वीरेंद्र मिश्र तथा कर्मी अखिलेश प्रताप सिंह पर विभिन्न शराब दुकानों से वसूली गई रकम को संस्था के खाते में जमा न कर करीब 3.5 करोड़ रुपये के गबन, जालसाजी और कूटरचना का आरोप लगाया था।
मामले का खुलासा वर्ष 2025 में शराब दुकानों के आवंटन और फर्म के लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया के दौरान खातों की जांच में हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया था और स्टाम्प पर रकम वापस करने की बात कही थी। लेकिन ऐसा नहीं किया, जिसके बाद 18 मार्च को मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
