
रेलवे पुल हादसा: पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, घटना के कारणों की जांच जारी
रूदौली, अयोध्या। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के दल सराय के पास शारदा नहर पर बने रेलवे पुल पर मंगलवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार रावत पुत्र लवकुश रावत (20) निवासी देवकली का पुरवा मजरे रहीम गंज के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार ट्रेन की टक्कर से अरुण कुमार का शव शारदा नहर में जाकर गिर कर किनारे लगा था, जिसे ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बाहर निकलवा कर कब्जे में लिया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक कलह के चलते लवकुश ने ट्रेन के आगे जाकर आत्म हत्या की है।
कोतवाली रुदौली प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
