हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया विद्युत संविदाकर्मी, खंभे से गिरकर मौत

Spread the love

हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया विद्युत संविदाकर्मी, खंभे से गिरकर मौत

अयोध्या। नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक संविदा लाइनमैन काम करते समय हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। खंबे से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल प्रशासन के मेमो पर नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

कोतवाली क्षेत्र के टड़वा जनौरा का रहने वाला 46 वर्षीय रामबली पुत्र मुन्नालाल विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन के पद पर तैनात था। शुक्रवार दोपहर बाद हुआ नाका दुर्गा पुरी विद्युत उपकेंद्र पर लाइन फाल्ट को लेकर विद्युत खराबी दूर करने के लिए काम कर रहा था।

विद्युत उपकेंद्र के सामने स्थित खंभे पर जंफर बांधने के दौरान वह खंबे के ऊपर से गुजर रही 11000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के कारण वह खंबे से नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद सकाराम पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पलिया रिसाली गांव निवासी राधेश्याम पुत्र हीरालाल ने संविदा लाइनमैन रामबली को लगभग ढाई बजे गंभीर हाल में जिला अस्पताल पहुंचाया, तो जिला अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसको मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है। आरोप है कि विद्युत खराबी दूर करते समय हाई टेंशन लाइन की आपूर्ति को बाधित नहीं किया गया। जबकि उपकेंद्र की इनपुट लाइन वाले खंभे में ऊपर नीचे दोनों लाइन प्रवाहित थी। इसी लापरवाही के कारण संविदा लाइनमैन को अपनी जान गंवानी पड़ी।


Spread the love

Related posts