Political Pews: भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में संगठन और बूथ के मजबूती पर जोर

Spread the love

कार्यक्रम का शुभारंभ करते प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही

Political Pews: भाजपा का इतिहास केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा का व्यापक आंदोलन-मंत्री सूर्य प्रताप शाही

अयोध्या। कुमारगंज स्थित नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सभागार में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि गांव स्तर तक संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सरकार की नीतियों से जोड़ें।

शिविर के विभिन्न सत्रों में पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डा. रंजन शर्मा ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर संबोधन दिया। वहीं गोविन्द नारायण शुक्ला ने संगठन की कार्य पद्धति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।

पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल ने देश के सामने मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखे। डा. समीर सिंह ने चुनाव प्रबंधन और कार्य विस्तार की रणनीतियों पर जानकारी दी, जबकि शिव भूषण सिंह ने बूथ स्तर की तैयारी को चुनावी सफलता का मूल आधार बताया।

प्रशिक्षण शिविर में जिला प्रभारी डा मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, कार्यक्रम संयोजक अशोक कसौंधन, सह संयोजक अखंड प्रताप सिंह डिम्पल, विधायक रामचन्दर यादव, अमित सिंह चौहान, चन्द्रभानु पासवान, पूर्व विधायक इन्द्र प्रताप तिवारी खब्बू, कमला शंकर पाण्डेय, कष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू, इं शिवम‌ सिंह, मीडिया प्रभारी सुशील मिश्राज़अंजू पाण्डेय, सरोज मिश्र, सुमन पासवान, राममोहन भारती सहित जिला, मंडल, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।।


Spread the love

Related posts