Ayodhya News: गंगा दशहरा को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने किया सरयू घाटों का निरीक्षण

Spread the love

निरीक्षण करते जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर 

अयोध्या। गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ-साथ बेहतर सुविधा को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने सोमवार को सरयू घाटों, राम की पैड़ी सहित प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, यातायात व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बनाई गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर लें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम को घाटों पर नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने, जलभराव और फिसलन जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्व को स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग की भी अपील की है।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, एसपी नगर चक्रमणि त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts