कच्चे तेल की तेजी का असर, राजधानी दिल्ली में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल

Spread the love

नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। शनिवार को पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। जिसके बाद राजधानी दिल्ली मे पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल का भाव 92.49 रुपए प्रति लीटर है। बीते 10 दिनों के भीतर यह तीसरा मौका है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है। लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता के साथ-साथ परिवहन और व्यापार क्षेत्र की चिंताएं भी बढ़ गई हैं।

तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल देखने को मिल रहा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण क्रूड ऑयल महंगा हो रहा है। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार की हलचल का सीधा असर घरेलू बाजार पर पड़ता है।

हाल के दिनों में वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद तेल विपणन कंपनियों ने खुदरा दरों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। लगातार बढ़ रहे दामों से परिवहन लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल और डीजल महंगे होने से निजी वाहन चालकों का खर्च बढ़ेगा। वहीं डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी होगी, जिससे फल, सब्जियां, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है।

यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है तो आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने मध्यम वर्ग, व्यापारियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है।


Spread the love

Related posts