सीएचसी पहुंच जिलाधिकारी जाना स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल

Spread the love

मरीजों और तीमारदारों को गर्मी से बचाने के लिए बेहतर व्यवस्था करने के दिए निर्देश

अयोध्या। जिले में आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, औषधि वितरण केंद्र, महिला एवं पुरुष वार्ड सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों और तीमारदारों के लिए पर्याप्त पेयजल, पंखों और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन प्रेरणा कैंटीन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा कराया जाए, जिससे जल्द से जल्द मरीजों और उनके परिजनों को भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में संचालित होने वाली सुविधाएं मरीजों के हित में उपयोगी और व्यवस्थित होनी चाहिए।

डीएम ने अस्पताल के बाहर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही परिसर में क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग को जल्द ठीक कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित होना चाहिए ताकि मरीजों को बेहतर वातावरण मिल सके।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी, सीएचसी अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts