… सिर्फ 30 मिनट अपनी अयोध्या के नाम

Spread the love

रामनगरी में 31 मई को चलेगा स्वच्छता का महा अभियान

महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने पत्रकारवार्ता में दी अभियान की जानकारी 

एक रविवार, हर परिवार- करे गंदगी पर प्रहार को लेकर पोस्टर का भी किया लोकार्पण

अयोध्या। जिले को स्वच्छता के पैमाने पर देश के शीर्ष दस शहरों में शामिल कराने के उद्देश्य से 31 मई को स्वच्छता महाभियान चलाया जाएगा। इसी के तहत प्रत्येक परिवार से कम से कम एक सदस्य अपने घर के आसपास एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई में भागीदारी करेगा।

यह जानकारी महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने बुधवार को मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में स्थित गांधी सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने इस दौरान एक रविवार, हर परिवार- करे गंदगी पर प्रहार एवं ३० मिनट अपनी अयोध्या के नाम अभियान का पोस्टर का लोकार्पण किया।

इससे पूर्व अभियान की तैयारियों को लेकर महापौर ने पार्षदों के साथ बैठक की तथा बाद में अभियान के प्रचार-प्रसार हेतु जागरुकता वाहन को भी रवाना किया।

नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर लक्ष्य निर्धारित

महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने बताया कि नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के निर्देशन में नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके तहत 21 मई से जन जागरुकता अभियान शुरू किया जायेगा।

इसके तहत सुबह 7 बजे पदयात्रा निकाली जायेगी और सायंकाल समाज के प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जायेगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में समाज के सभी प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठन, व्यापारी, छात्र-युवा, कर्मचारी वर्ग तथा प्रत्येक जागरूक नागरिकों का सहयोग लिया जायेगा।

उन्होंने बताया कि नगर के सभी 60 वार्डों में 21 से 29 मई तक भ्रमण कर लोगों से 31 मई रविवार का सुबह 7:00 बजे से 7:30 बजे तक अपने घरों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने का आह्वान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 25 मई को अयोध्या में लता चौक से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य द्वार तक संतों एवं संभ्रांत नागरिकों की विशाल रैली निकाली जाएगी, वहीं 29 मई की शाम को छात्र-युवा, व्यापारी, कर्मचारी एवं सामाजिक संगठनों का रैली गांधी पार्क से चौक तक आयोजित होगी।

सर्वाधिक भागीदारी करने वाले पांच वार्डों को प्रदान की जायेगी प्रोत्साहन राशि

महापौर ने बताया कि स्वच्छता अभियान में सर्वाधिक भागीदारी करने वाले पांच वार्डों को आधारभूत संरचना विकास हेतु 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त द्वितीय श्रेणी के पांच वार्डों को जल-सुविधा संबंधी कार्यों के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही प्रत्येक वार्ड से स्वच्छता के बेहतर मानकों पर खरे उत्तरने वाले एक परिवार को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर भर में लगाए जाने वाले स्टीकरों पर क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसे स्कैन कर नागरिक इस महाअभियान में अपनी भागीदारी के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।


Spread the love

Related posts