मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ के अस्पताल में तोड़ा दम

Spread the love

लखनऊ। प्रतीक यादव का शुक्रवार को लखनऊ में निधन हो गया। वह समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के छोटे भाई थे। प्रतीक यादव भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे।
जानकारी के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। अस्पताल प्रशासन की ओर से मौत की वजह को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहकर व्यवसाय और सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे। फिटनेस और पशु प्रेम के कारण भी वे चर्चा में रहते थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
लखनऊ स्थित आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ जुटने लगी है। परिवार के करीबी लोगों के अनुसार अंतिम संस्कार का कार्यक्रम जल्द तय किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 38 वर्षीय प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं बताई गई है और कुछ रिपोर्ट्स में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार होने की बात कही गई है।


Spread the love

Related posts