देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 एक बार फिर विवादों में घिर गई है। पेपर लीक के आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। दावा किया जा रहा है कि परीक्षा के करीब 125 सवाल सोशल मीडिया पर वायरल कथित गेस पेपर से हूबहू मेल खा रहे थे। मामला सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी है। शुरुआती जांच में दो नाम सामने आए हैं। राजस्थान एसओजी ने जयपुर से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताए जा रहे मनीष यादव से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
NTA ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। छात्रों को नए सिरे से रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और पहले जमा की गई परीक्षा फीस भी वापस कर दी जाएगी। हालांकि परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने की आशंका है। अब छात्र नई परीक्षा तिथि और सीबीआई जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल पेपर लीक होने के बाद NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई है और दोबारा आयोजित होगी, राहत के बात ये है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा और पहले जमा की गई फीस भी वापस की जाएगी।
