
CRPF Foundation Day 2026: सीआरपीएफ की 63वीं वाहिनी में 88वां स्थापना दिवस समारोह, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
द्वितीय कमान अधिकारी समीर कुमार राव ने जवानों को किया संबोधित, हुए खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम
अयोध्या।अयोध्या में सोमवार को सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी समीर कुमार राव, उप कमाण्डेंट अरुण मिश्रा सहित अन्य अधिकारीगण और जवान उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत द्वितीय कमान अधिकारी समीर कुमार राव द्वारा वाहिनी में स्थापित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके उपरांत उन्होंने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

जवानों को किया संबोधित
इस अवसर पर आयोजित सैनिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री राव ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने में सीआरपीएफ का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि आंतरिक शांति व सुरक्षा बनाए रखने में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की भूमिका अग्रणी है।उन्होंने बल के उन वीर शहीदों को भी नमन किया, जिन्होंने देश में शांति कायम रखने और देश की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ देश में शांति, सुरक्षा और अखंडता बनाए रखने की अपनी परंपरा को भविष्य में भी कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर 63वीं वाहिनी मुख्यालय में खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
