
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम: गुप्तार घाट पर चला स्वच्छता अभियान, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प
अयोध्या। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत जिला गंगा समिति अयोध्या के तत्वावधान में प्रसिद्ध गुप्तार घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रभागीय वनाधिकारी, अयोध्या के निर्देशन में जिला परियोजना अधिकारी अयोध्या की ओर से आयोजित अभियान में स्कूली बच्चों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, गंगा प्रहरियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने घाट परिसर को स्वच्छ रखने और नदी संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला परियोजना अधिकारी (नमामि गंगे/जिला गंगा समिति, अयोध्या) श्वेता साहू ने स्कूली बच्चों को नदियों के पारिस्थितिक महत्व और पर्यावरण स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी जीवनरेखा हैं और उनकी पवित्रता एवं स्वच्छता बनाए रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों ने पर्यावरण और नदी संरक्षण से जुड़े प्रेरक नारे लगाए। नारों से पूरा गुप्तार घाट परिसर गूंज उठा। बच्चों ने श्रमदान करते हुए घाट परिसर में स्वच्छता अभियान को गति दी।
घाट की सफाई व्यवस्था में नगर निगम अयोध्या के मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अकील मसूद, सफाई निरीक्षक राकेश, सफाई नायक आनंद और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, सहायक वन प्रभाग की ओर से नन्द कुमार तथा कैंटोनमेंट बोर्ड अयोध्या की ओर से शिवकुमार, राहुल, अनिल और अशोक ने भी अभियान में सहयोग किया।
जिंगलबेल स्कूल की शिक्षिकाओं गुंजन और कामिनी तिवारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। इसके अलावा भारतीय वन्यजीव संस्थान से जुड़े नीरज कुमार, जलज (असिस्टेंट कोऑर्डिनेटर), विशाल कुमार, गंगा प्रहरियों तथा स्थानीय नागरिकों संगीता, शेरसिंह और राउंड सुफल सहित अन्य लोगों ने भी अभियान में सहभागिता की।
अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के साथ-साथ नदियों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सामूहिक प्रयासों से लोगों में स्वच्छता और नदी संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
