छावनी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, कोबरा आर्मी प्री स्कूल के पीछे जंगल में दिखा; वन विभाग ने लगाया पिंजड़ा

Spread the love

छावनी क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, कोबरा आर्मी प्री स्कूल के पीछे जंगल में दिखा; वन विभाग ने लगाया पिंजड़ा

अयोध्या। छावनी क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। कोबरा आर्मी प्री स्कूल के पीछे स्थित जंगल में तेंदुआ कई बार दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

वन विभाग ने तेंदुए की लोकेशन पर नजर रखने के लिए लगाए गए ट्रैप कैमरों की स्थिति में बदलाव किया है। साथ ही तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में पिंजड़ा भी लगाया गया है। टीमों को तेंदुए के पदचिह्न भी मिले हैं, जिनके आधार पर उसके मूवमेंट को ट्रैक किया जा रहा है।

वन विभाग के अनुसार तेंदुए की आवाजाही गुप्तारघाट स्थित निर्मली कुंड से लेकर सरयू निवास क्षेत्र तक देखी गई है। तेंदुआ तीन से चार छोटे जंगलों को पार करते हुए उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। निगरानी के दौरान शाम करीब 6 बजे से रात 8:30 बजे के बीच लगभग दो किलोमीटर के दायरे में उसकी गतिविधियां सामने आने की बात कही गई है।

तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की दो टीमें क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। टीमों द्वारा जंगल और आसपास के इलाकों में ट्रैप कैमरों, पदचिह्नों और अन्य संकेतों के जरिए तेंदुए की स्थिति का पता लगाया जा रहा है।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से शाम के समय लोगों को अकेले जंगल या सुनसान इलाकों की ओर न जाने की सलाह दी गई है। विभाग की कोशिश है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़कर लोगों के लिए बने खतरे को कम किया जा सके।


Spread the love

Related posts