
अतिक्रमण हटाओ अभियान: पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई, स्वनिधि योजना का प्रचार
बीकापुर, अयोध्या। नगर पंचायत बीकापुर द्वारा बुधवार को कस्बा बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अयोध्या-प्रयागराज हाईवे की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही नगर को पॉलिथीन मुक्त बनाने और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय ‘राणा’ के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान नगर पंचायत कर्मचारियों ने हाईवे के दोनों किनारों पर अस्थायी रूप से किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों से सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी भी न हो।
अभियान के दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही दुकानदारों को पॉलिथीन का उपयोग न करने की चेतावनी देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े एवं अन्य वैकल्पिक थैलों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। नगर पंचायत की टीम ने लोगों से स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बीकापुर बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी दी गई। रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों को इस योजना के तहत मिलने वाले ऋण एवं अन्य लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग योजना का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडेय राणा के साथ अखिलेश मिश्रा, मनोज शर्मा, दुर्गेश तथा अन्य नगर पंचायत कर्मचारी मौजूद रहे।

