Swine Flu Alert: यूपी में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, अब तक 551 मरीज मिले; लखनऊ में तीन नए केस लखनऊ।

Spread the love

Swine Flu Alert: यूपी में स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट, अब तक 551 मरीज मिले; लखनऊ में तीन नए केस

लखनऊ। बारिश के बीच उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 551 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें छह जिलों में मरीजों की संख्या दोहरे अंक में पहुंच गई है, जबकि एनसीआर क्षेत्र में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू के तीन नए मरीज मिले हैं। इनमें दो मरीजों को बलरामपुर अस्पताल और एक मरीज को लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया है। तीनों मरीजों में फिलहाल हल्के लक्षण बताए गए हैं और अस्पतालों में उनका इलाज जारी है।

वहीं एसजीपीजीआई में पिछले 15 दिनों के दौरान स्वाइन फ्लू और कोरोना के कुल 16 मरीज सामने आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही जांच, दवाओं और उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अधिकारियों को अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं, जांच की सुविधा और जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर मरीजों की समय से पहचान करने के साथ ऑक्सीजन और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है।

बारिश के मौसम में अन्य संक्रामक बीमारियों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। लखनऊ मंडल में अब तक डेंगू के 135 मामले सामने आए हैं, जिनमें अकेले लखनऊ में 98 मरीज मिले हैं। वहीं सीतापुर में 563 मलेरिया मरीज सामने आए हैं और पूरे मंडल में मलेरिया के मरीजों की संख्या 1,084 पहुंच गई है।
नेपाल सीमा से सटे जिलों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच कराने को कहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को मास्क पहनने, नियमित रूप से हाथ साफ रखने और स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने की सलाह दी गई है।


Spread the love

Related posts