
रक्षाबंधन 2026: राखियों से सज गई बाजार, भाई की कलाई के लिए बहने तलाश रही स्नेह का धागा
अयोध्या। रक्षाबंधन पर्व में अब महज पांच दिन शेष हैं। त्योहार को लेकर गांव से लेकर शहर तक के बाजारों में राखियों की रौनक बढ़ गई है। चौक, रिकाबगंज, नाका समेत जनपद के प्रमुख बाजारों में राखियों के स्टॉल सज गए हैं। भाई की कलाई पर स्नेह और विश्वास का धागा बांधने के लिए बहनें परिवार के साथ बाजार पहुंचकर अपने पसंद की राखियां खरीद रही हैं।
बाजार में पारंपरिक राखियों के साथ फैंसी, ब्रेसलेट, स्टोन, मोती और धार्मिक डिजाइन वाली राखियों की भरमार है। युवाओं को ब्रेसलेट स्टाइल और स्टोन वाली राखियां पसंद आ रही हैं। स्पिनिंग ब्रेसलेट सहित कई आधुनिक डिजाइन भी दुकानों पर उपलब्ध हैं। राखियों की कीमत डिजाइन और गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग है।
रिकाबगंज के राखी विक्रेता ने बताया कि इस बार ग्राहक नई डिजाइन वाली राखियों को अधिक पसंद कर रहे हैं। अभी खरीदारी शुरू हो गई है और रक्षाबंधन से पहले अंतिम दो-तीन दिनों में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
बच्चों के लिए कार्टून और सुपरहीरो का जलवा
बच्चों की राखियों में कार्टून और सुपरहीरो कैरेक्टर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मिकी माउस, डोरेमोन और स्पाइडर-मैन समेत लोकप्रिय पात्रों वाली राखियां बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं। दुकानदारों के अनुसार बच्चों के लिए रंगीन और आकर्षक डिजाइन की राखियों की मांग लगातार बढ़ रही है।
ऑनलाइन डिजाइन देखकर बाजार में रखियो की तलाश
मोबाइल पर राखियों की नई डिजाइन देखने का असर बाजार की खरीदारी पर भी नजर आ रहा है। कई बहनें पहले ऑनलाइन राखियों की डिजाइन पसंद कर रही हैं और इसके बाद बाजार में उसी तरह की राखी तलाश रही हैं। ग्राहक ऑनलाइन दिखाई देने वाली कीमतों के आधार पर दुकानदारों से भी भाव पूछ रहे हैं। इससे बाजार में नई डिजाइन वाली राखियों की मांग बढ़ी है। रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बाजारों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।
महंगी जड़ी वाली राखियों की बढ़ी मांग
राखी कारोबारियों का कहना है कि इस बार फैंसी और जडी वाली महंगी राखियों की मांग में इजाफा हुआ है। दुकानदार धीरज गुप्ता ने बताया कि करीब एक माह पहले ही कोलकाता और दिल्ली से अलग-अलग डिजाइन की राखियों का ऑर्डर दिया था। बाजार में सिंथेटिक, सिल्वर और गोल्ड प्लेटेड राखियों के साथ कई आकर्षक डिजाइन उपलब्ध हैं। बताया कि 30 से 100 रुपये के बीच में सामान्य राखी, 20 से 500 रुपये बच्चों की किड राखी, 30 से 500 रुपये के बीच म्यूजिकल राखी, 50 से 250 रुपये के बीच ब्रेसलेट राखी, 40 से 200 रुपये के बीच की रेशम डोरी राखी बाजार में उपलब्ध है। सर्राफा व्यापारी रामजी सोनी ने बताया कि सोने-चांदी की दुकानों पर भी अलग-अलग डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत करीब 500 रुपये से शुरू हो रही है।
