सामूहिक रुद्राभिषेक: रामनगरी में 1100 महिलाओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक, सावन में गूंजा हर-हर महादेव का जयकारा

Spread the love

सामूहिक रुद्राभिषेक: रामनगरी में 1100 महिलाओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक, सावन में गूंजा हर-हर महादेव का जयकारा

अयोध्या में 1100 महिलाओं ने किया सामूहिक रुद्राभिषेक, सावन में शिव भक्ति का दिखा उत्साह

अयोध्या। सावन के पवित्र माह में रामनगरी अयोध्या में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। मंदिरों में जहां रामलला झूलनोत्सव का आनंद ले रहे हैं, वहीं शिव आराधना को लेकर भी श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में सबरी रसोई में सामूहिक रुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें करीब 1100 महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ का सामूहिक रुद्राभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों की महिलाओं को धार्मिक आयोजनों से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक किया। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

आयोजक राजलक्ष्मी त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में करीब एक हजार महिलाओं के लिए रुद्राभिषेक की व्यवस्था की गई थी, लेकिन महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के चलते संख्या करीब 1100 तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों की महिलाओं को धार्मिक परंपराओं से जोड़ना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है, जहां उन्हें इस तरह के अनुष्ठानों में शामिल होने का अवसर कम मिलता है।

उन्होंने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष महीना है। महिलाओं को अपनी धार्मिक परंपराओं और संस्कृति के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से जोड़ना जरूरी है।
सामूहिक रुद्राभिषेक में शामिल महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया। महिलाओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-शांति की प्रार्थना की। आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ अनुष्ठान में सहभागिता की।


Spread the love

Related posts