
Ayodhya Accident News : घटना के समय मिल्कीपुर बाजार से अपने गांव लौट रहे थे बूथ अध्यक्ष
अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। घटना के समय वह मिल्कीपुर बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
बताया गया कि थाना क्षेत्र के परसवां गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष विजय मिश्रा (50) पुत्र रामपाल मिश्रा मिल्कीपुर-अमानीगंज संपर्क मार्ग के रास्ते अपने घर आ रहे थे। शाम को उनके गांव परसवां के निकट मोड़ के पास एक ट्रेलर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर घायल विजय मिश्रा को आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने निजी वाहन से दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रेलर समेत चालक को पकड़ा
मामले की खबर पर मौके पर पहुंची इनायतनगर पुलिस ने दुर्घटना करने वाली ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में लिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी और करीब 17 वर्षीय बेटा अभिषेक अभी अविवाहित हैं। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
