Ayodhya News: SSP डॉ. गौरव ग्रोवर की बड़ी कार्रवाई, मनमानी में दो चौकी प्रभारी निलंबित

Spread the love

Ayodhya News: कोतवाली कैन्ट और कोतवाली नगर में तैनात उपनिरीक्षकों पर गिरी गाज, विभागीय जांच के आदेश, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और स्वेच्छाचारिता पर हुई कार्रवाई

अयोध्या। अयोध्या जनपद के पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. गौरव ग्रोवर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कार्यवाही के प्रति घोर लापरवाही, अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में शहर सर्किल के दो चौकी प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू की जा रही है। यह कार्रवाई चोरी के मामले में कानूनी कार्रवाई में लापरवाही और मनमानी को लेकर की गई है।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार कैन्ट थाने के सहादतगंज पुलिस चौकी पर तैनात प्रभारी उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) आशीष सिंह तथा नगर कोतवाली के फतेहगंज पुलिस चौकी पर तैनात प्रभारी उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) विकास गुप्ता को गंभीर लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई तथा कार्य के प्रति उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरती, जिसके चलते उनके विरुद्ध यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत विभागीय जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यप्रणाली से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

 

 


Spread the love

Related posts