
Lucknow News : लखनऊ–प्रयागराज इंटरसिटी में बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को ट्रेन संख्या 14210 लखनऊ–प्रयागराज संगम इंटरसिटी एक्सप्रेस में विशेष औचक टिकट जांच अभियान चलाया।अभियान को लेकर बिना टिकट यात्रियों में हलचल रही। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने किया।
लखनऊ से प्रयागराज संगम तक चले इस अभियान में टिकट जांच स्क्वाड और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न कोचों में सघन टिकट जांच की। जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की गई।
इस दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने यात्रियों से रेलवे की डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील करते हुए RailOne (रेलवन) ऐप के माध्यम से आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट समेत अन्य रेलवे सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस ऐप के उपयोग से टिकट प्राप्त करना अधिक सरल, त्वरित और सुविधाजनक हो जाता है तथा यात्रियों का समय भी बचता है।
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे की डिजिटल सेवाओं, विशेषकर RailOne ऐप, का अधिक से अधिक उपयोग करें। मंडल प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के टिकट जांच एवं जागरूकता अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
