
सावन मेला 2026: श्रृंगी ऋषि आश्रम का सीओ सदर ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
गोसाईंगंज अयोध्या। गोसाईंगंज कोतवाली इलाके के पौराणिक स्थल श्रृंगी ऋषि आश्रम का सोमवार की सुबह सीओ सदर प्रतीक कुमार ने कोतवाली पुलिस के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सावन मेला को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद करने हेतु श्रृंगी ऋषि आश्रम के महंत महेंद्र गिरि महाराज के साथ सरयू नदी एवं स्नान घाट का निरीक्षण किया।
सीओ सदर ने सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर नदी में श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान करने की सलाह दी। श्रृंगी ऋषि धाम के महंत महेंद्र गिरि महाराज ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल और जल पुलिस तैनात करने की मांग की, जिस पर सीओ सदर ने आश्वासन दिया और कहा कि श्रृद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
बताते चले कि पवित्र श्रावण मास में पुण्य सलिला सरयू नदी में स्नान ध्यान करने वाले श्रद्धालुओं की काफी आमद होती है। वंही कांवरियों का जत्था भी यंहा से सरयू जल भरकर अपने स्थान को ले जाकर शिवालयों में जलाभिषेक करते है। जिसके कारण इस स्थल पर भारी भीड़ होती है। मौके पर एसएचओ अभिमन्यु शुक्ला, चौकी प्रभारी देवेन्द्र चौधरी, विमल गोस्वामी, संदीप सिंह शिव कुमार सैनी ,श्रद्धालु एवं साधु-संत उपस्थित रहे।
