
Ayodhya News : पत्नी का आरोप, प्रवर्तन दल ने दौड़ाया था
अयोध्या। रामनगरी के ऐतिहासिक सावन झूला मेला और कावड़ यात्रा को लेकर रामनगरी में चल रही अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एक संगीन आरोप सामने आया है। आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही से एक पानी बेचने वाले ठेला संचालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार प्रांत निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है।
प्रकरण में मृतक की पत्नी का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने पहुंचे प्रवर्तन दल के कर्मियों ने डंडा लेकर उसके पति को दौड़ाया। मार खाने से बचने के लिए उसका पति भागा और इसी दौरान वह सड़क पर गिर पड़ा। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के कच्चा घाट की बताई गई है। मामले में परिवार ने शव को बिहार भेजवा दिया और पुलिस में कोई शिकायत भी नहीं की। अब मृतक ठेला संचालक की पत्नी ने बयान देकर पुलिस और प्रवर्तन दस्ते पर आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई है।
पहले कही जानकारी न होने की बात,अब बताया बीमारी से हुई मौत
मृतक के पत्नी का बयान और आरोप सामने आने के बाद इलाकाई पुलिस ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार करती रही। पुलिस का कहना था कि उनको ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई। हालांकि मामला चर्चा में आने के बाद एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने अपना वीडियो बयान जारी किया है। उनका कहना है कि परिवार अथवा किसी की ओर से समय पर सूचना मिलती तो विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया जाता। पुलिस को मीडिया और सोशल मीडिया से मामले की जानकारी मिली है। पुलिस के पास घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। यह जरूर पता चला है कि तबियत खराब होने पर स्थानीय पुलिस ने उसको तत्काल श्रीराम अस्पताल भेजवाया। जहां इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी शव को लेकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गई। मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया। प्रकरण में अभी तक तबियत खराब होने के चलते मौत की बात सामने आई है। शिकायत के आधार पर नियमानुसार जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
