
RBI नई करेंसी अपडेट: देश में जल्द शुरू होगा प्लास्टिक करेंसी का ट्रायल, RBI छापेगा 10 और 20 रुपए के 200 करोड़ पॉलीमर नोट
दिल्ली। देश में जल्द ही 10 और 20 रुपए के प्लास्टिक यानी पॉलीमर नोट नजर आ सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इन दोनों मूल्यवर्ग के कुल 200 करोड़ पॉलीमर नोट छापने की तैयारी कर रहा है। इनमें 10 रुपए के 100 करोड़ और 20 रुपए के 100 करोड़ नोट शामिल होंगे। यह पहल देश में प्लास्टिक करेंसी के परीक्षण के तौर पर शुरू की जाएगी।
केंद्र सरकार ने पॉलीमर बैंकनोट के ट्रायल को मंजूरी दे दी है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। हालांकि, पॉलीमर नोटों की छपाई और ट्रायल कब शुरू होगा, इसकी निश्चित तारीख का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
पॉलीमर बैंकनोट विशेष प्रकार के प्लास्टिक पदार्थ से तैयार किए जाते हैं। ये सामान्य कागजी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ माने जाते हैं और इनके जल्दी खराब होने या फटने की संभावना कम होती है। साथ ही, इनमें आधुनिक सुरक्षा विशेषताएं शामिल की जा सकती हैं, जिससे नकली नोटों पर रोक लगाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
सरकार और RBI ट्रायल के दौरान इन नोटों की गुणवत्ता, टिकाऊपन, सुरक्षा और आम लोगों के उपयोग से जुड़े अनुभवों का अध्ययन करेंगे। यदि पॉलीमर नोटों का परीक्षण सफल रहता है तो भविष्य में 10 और 20 रुपए के नोटों को नियमित रूप से जारी करने पर विचार किया जाएगा। इसके बाद अन्य मूल्यवर्ग के पॉलीमर नोटों को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।
हालांकि, पॉलीमर नोटों के चलन में आने के बाद मौजूदा कागजी करेंसी को बंद नहीं किया जाएगा। वर्तमान में प्रचलित 10 और 20 रुपए के कागजी नोट पहले की तरह वैध रहेंगे और बाजार में चलते रहेंगे। यानी ट्रायल सफल होने पर कुछ समय तक कागज और प्लास्टिक, दोनों प्रकार के नोट एक साथ प्रचलन में रह सकते हैं।
सरकार के इस कदम को देश की मुद्रा व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
