
पत्रकारों में आक्रोश: पत्रकार केके मिश्रा पर एफआईआर के विरोध में लामबंद हुए पत्रकार, एसएसपी को सौंपेंगे ज्ञापन
बीकापुर विधायक के समर्थक पर अनर्गल आरोप लगाकर एफआईआर कराने का आरोप, वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग
अयोध्या। पत्रकार केके मिश्रा के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर पत्रकारों में आक्रोश है। इंडियन कौंसिल ऑफ प्रेस के प्रदेश सचिव सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पत्रकारों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रभारी आकाश सोनी ने की।
बैठक में पत्रकार केके मिश्रा के खिलाफ बीकापुर विधायक के समर्थक द्वारा अनर्गल आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया गया। पत्रकारों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मामले को लेकर इंडियन कौंसिल ऑफ प्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश सचिव सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या गौरव ग्रोवर से मुलाकात करेगा और उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।
पत्रकारों ने मांग की है कि पत्रकारों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर उन्हें डराने या दबाव में लेने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही संबंधित वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराकर पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की गई।
बैठक में कहा गया कि वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर स्तर का एक व्यक्ति नजर आ रहा है। पत्रकारों ने मांग की है कि अधिकारियों द्वारा इस मामले में सक्षम विवेचक नियुक्त किया जाए तथा वीडियो किसने बनाया और किसके द्वारा वायरल किया गया, इसकी भी निष्पक्ष जांच की जाए। जांच के आधार पर ही संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों ने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के पत्रकार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें भयभीत करने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में पत्रकार बीकापुर विधायक अमित सिंह चौहान के कार्यक्रमों के बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव सुबोध श्रीवास्तव, रूपेश श्रीवास्तव, समीर शाही, आकाश सोनी, सीएम श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव अज्जू, खालिद रशीद, अंतरिक्ष तिवारी, करन प्रजापति, नरेंद्र मिश्रा, गुलजार खान, करण दुबे, वैभव श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, राहुल मिश्रा, राजन सिंह, केके मिश्रा, राजेंद्र कुमार दूबे, राजेश श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र मिश्रा, पंकज पाठक, लव कुमार पांडे सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
