
Crime News: फर्जी सेना अधिकारी बनकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर जीआरपी की कार्रवाई
अयोध्या। मिलिट्री इंटेलिजेंस लखनऊ की अयोध्या इकाई की सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने खुद को सेना का अधिकारी बताकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सेना की वर्दी पहनकर रेलवे स्टेशन व कैंट क्षेत्र में लोगों को अपनी फर्जी पहचान बताता था।
मिलिट्री इंटेलिजेंस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि एक व्यक्ति सेना की विभिन्न वर्दियां पहनकर अयोध्या रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में घूमता है। वह स्वयं को आर्टिलरी का अधिकारी तथा डोगरा रेजिमेंट में कैंटीन इंचार्ज बताकर लोगों का विश्वास हासिल करता था। वह अक्सर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सैन्य वर्दी में देखा जाता था।
सूचना के आधार पर मिलिट्री इंटेलिजेंस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के जरिए जांच की। जांच में पता चला कि संबंधित व्यक्ति सेना का अधिकारी नहीं है, बल्कि फर्जी पहचान के जरिए सेना की वर्दी और सैन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर रहा है। इसके बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस ने अयोध्या रेलवे स्टेशन पर सेना की वर्दी में मौजूद आरोपी की सूचना जीआरपी को दी।
मौके पर पहुंची जीआरपी टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पास मिले पहचान पत्र में उसका नाम करन यादव पुत्र उदय भान सिंह यादव, निवासी गहमर, जिला गाजीपुर दर्ज था। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी वास्तविक पहचान सुरेंद्र निषाद पुत्र स्वर्गीय शारदा निषाद, निवासी ग्राम मोहपरिया बलुआ, थाना पकड़ी, जिला चंदौली बताया।
जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से सेना की बड़ी संख्या में यूनिफॉर्म, नेम प्लेट, रिबन, सैन्य पहचान संबंधी सामग्री, आधार कार्ड, परिचय पत्र कवर तथा क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। मामले में जीआरपी और अन्य संबंधित एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर फर्जी पहचान और सैन्य सामग्री के उपयोग के उद्देश्य की जांच कर रही हैं।

