
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: इस मामले को लेकर अभी तक नहीं हुई कोई आधिकारिक पुष्टि, ट्रस्ट में कई और बदलावों पर हो रही चर्चा
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के दानपात्र और चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी प्रकरण में कार्रवाई तेज हो गई है। इस प्रकरण में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तारी और ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे के बाद सूचना मिल रही है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के व्यवस्थापक गोपाल राव को भी पद से हटा दिया गया है, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बता दें कि ट्रस्ट में बतौर आमंत्रित सदस्य के रूप में रहे व्यवस्थापक गोपाल राव को चंपत राय का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि चर्चा यह भी है कि राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए जा सकते हैं।
राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद अयोध्या से लेकर लखनऊ तक प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मंदिर की व्यवस्था में पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में कुछ और बड़े तथा कड़े फैसले लिए जा सकते हैं। चर्चा यह भी है कि बढ़ते विवादों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार किए जाने की भी संभावना है।
चर्चा यह भी है कि भविष्य में राम मंदिर की पूरी व्यवस्था माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तर्ज पर पुनर्गठित की जा सकती है। इसका अर्थ यह होगा कि मंदिर का प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन सीधे सरकारी निगरानी और नियंत्रण में आ सकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवादों और वित्तीय अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। हालांकि, ट्रस्ट को भंग करने या नई व्यवस्था लागू करने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

