
राममंदिर: बोले-राम मंदिर की भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा अद्भुत
अयोध्या। राम नगरी की सकारात्मक ऊर्जा, गुप्तार घाट पर स्नान के दौरान मिली शांति और भागवत कथा में सहभागिता के अनुभव को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता, यह बातें अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के शार्लोट शहर से रामनगरी अयोध्या पहुंची वाणी सवाई ने कही। अमेरिका में एक आईटी कंपनी के डेटा प्लेटफॉर्म विभाग में मैनेजर के पद पर कार्यरत वीणा सवाई अपने पति और बेटी के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने आई थी।
उन्होंने कहा कि अयोध्या आना उनका वर्षों पुराना सपना था, जो अब श्रीराम मंदिर के भव्य स्वरूप के बीच पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण करोड़ों रामभक्तों के लिए गर्व और आस्था का विषय है। यहां विकास तेजी से हो रहा है और आने वाले समय में यह विश्वभर में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगी।
कार्यक्रम में हेमलता मोहबिया, गार्गी, मेघा, डॉ. रितिका मोहबिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक चेतना, भव्य मंदिर और आध्यात्मिक वातावरण पूरे देश और दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
अयोध्या आकर मिली मानसिक और आध्यात्मिक शांति : डॉ. हरिशंकर
वहीं भिलाई, छत्तीसगढ़ से आए प्रसिद्ध लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. हरिशंकर मोहबिया ने बताया कि वह अपने माता-पिता, पत्नी डॉ. रितिका मोहबिया, तीन बहनों तथा पुत्र सहित परिवार के साथ कथा श्रवण के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवन और चिकित्सा सेवा के बीच अयोध्या आकर जो मानसिक शांति और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त हुआ है, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर की भव्यता को अब तक केवल वीडियो और तस्वीरों में देखा था, लेकिन प्रत्यक्ष दर्शन के बाद मन अत्यंत भाव-विभोर हो गया। उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम में भागवत कथा का श्रवण करना उनके जीवन के सबसे सुखद अनुभवों में से एक है।

