Education News: प्रशिक्षित पर्यटन पेशेवरों की तेजी से बढ़ रही मांग : डॉ. अमित कुमार सिंह

Spread the love

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में पर्यटन उद्योग की भूमिका पर आयोजित हुआ व्याख्यान 

अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन एवं उद्यमिता विभाग के अंतर्गत संचालित एमबीए पर्यटन विभाग में शनिवार को आत्मनिर्भर भारत बनाने में पर्यटन उद्योग की भूमिका विषय पर एक विशेष विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अमित कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष पर्यटन विभाग केंद्रीय विश्वविद्यालय सिक्किम रहे।

व्याख्यान में डॉ. अमित कुमार सिंह ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक पर्यटन, प्राकृतिक सौंदर्य एवं स्थानीय कला-संस्कृति पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटन उद्योग न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक अवसर भी सृजित करता है। होटल प्रबंधन, ट्रैवल एजेंसी, एयरलाइन, इवेंट मैनेजमेंट, टूर ऑपरेशन, गाइडिंग, एडवेंचर टूरिज्म, डिजिटल ट्रैवल प्लेटफॉर्म तथा उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में पर्यटन विद्यार्थियों के लिए अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रशिक्षित पर्यटन पेशेवरों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे यह क्षेत्र युवाओं के लिए एक उत्कृष्ट करियर विकल्प बनकर उभर रहा है।

विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि पर्यटन उद्योग उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि एमबीए पर्यटन आज के समय का अत्यंत संभावनाशील व्यावसायिक पाठ्यक्रम है, जो युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर बनाने का अवसर प्रदान करता है।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. महेंद्र पाल सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का एमबीए पर्यटन विद्यार्थियों को उद्योग आधारित ज्ञान, व्यवहारिक प्रशिक्षण तथा रोजगारपरक कौशल प्रदान कर रहा है। पर्यटन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए यह पाठ्यक्रम युवाओं को बेहतर रोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करता है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा पर्यटन उद्योग में करियर एवं रोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ से संवाद भी किया। यह व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने कोर्स पूरा कर रहे छात्र छात्राओं को आगामी भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी।

धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंशुमान पाठक ने दिया। इस कार्यक्रम में प्रो. नीलम पाठक, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. रविन्द्र भारद्वाज, डॉ. प्रवीन राय, डॉ. अनुराग तिवारी, डॉ. रामजी सिंह, डॉ. सूरज सिंह सहित कई अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

 


Spread the love

Related posts