Ayodhya News: गोसाईगंज के लाल डॉ. धर्मेंद्र कुमार बने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के नियमित प्राचार्य

Spread the love

उनके इस महत्वपूर्ण मनोनयन से क्षेत्र में है हर्ष का माहौल

 

रिपोर्ट: राजेश अंगियार

गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज कस्बे के मूल निवासी रामकुमार गुप्ता के बड़े पुत्र डॉ. धर्मेंद्र कुमार का चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से नियमित प्राचार्य पद पर किए जाने के बाद उनकी नियुक्ति पूर्वांचल के प्रतिष्ठित बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में प्राचार्य के पद पर की गई है। उनके इस महत्वपूर्ण मनोनयन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

डॉ. धर्मेंद्र कुमार इससे पूर्व राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं एवं औरैया में अस्थायी प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशासनिक अनुभव के क्षेत्र में उनका लंबा और सफल कार्यकाल रहा है।

प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना, संस्थान में पारदर्शिता बनाए रखना, मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना तथा शोध गतिविधियों को बढ़ावा देना शामिल है। इसके साथ ही संसाधनों के विस्तार एवं मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गोसाईगंज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज, लखनऊ से एमबीबीएस एवं एमएस (नाक, कान एवं गला रोग) की डिग्री हासिल की। उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा में लेक्चरर से लेकर प्रोफेसर तक का सफर अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर तय किया।

उनके इस मनोनयन पर एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, क्षेत्रीय विधायक अभय सिंह, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप ‘खब्बू’ तिवारी, पूर्व प्राचार्य राकेश सिंह तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष विजयलक्ष्मी जायसवाल, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र ‘पप्पू’ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


Spread the love

Related posts