
अयोध्या: जनपद के थाना इनायत नगर क्षेत्र के आस्तीकन-रेवतीगंज संपर्क मार्ग पर बुधवार की सुबह हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका छह वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार परिवार आवारा कुत्ते से टकराकर सड़क पर गिर पड़ा और पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार बसवार कला निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी पूनम सोनी (38) और पुत्र प्रियांशु (6) के साथ बुधवार घर से धंजौ चौराहा स्थित अपनी दुकान जा रहे थे। रास्ते में आस्तीकन राजा बाबा स्थान से कुछ दूरी पर अचानक एक आवारा कुत्ता बाइक के सामने आ गया और कुत्ते से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई
सड़क हादसे में बुरी तरह से घायल महिला पूनम सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह वर्षीय पुत्र प्रियांशु की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज दर्शन नगर से बेहतर उपचार के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक गिरते ही पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में पूनम सोनी आ गईं, जबकि उनका पुत्र प्रियांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान पूनम सोनी की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रियांशु की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर उपचार के लिए उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जहां एक तरफ घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं क्षेत्र में आवारा पशुओं और कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

