
बीकापुर, अयोध्या। तहसील मुख्यालय पर स्थित अंग्रेजों के जमाने का हाल्ट Railway Station मलेथू कनक बदहाली का शिकार है। यहां तक कि केन्द्र सरकार की महत्त्वपूर्ण योजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत यहां पर न ही शौचालय है और ना ही पेयजल की समुचित व्यवस्था।फैजाबाद-प्रयाग रूट की कई पैसेंजर ट्रेन और प्रयागराज मनकापुर तक Sarju Express, Saket Express, Munawar Sangam Express, Durg Express यहां से गुजरती हैं, जिसमें कई सुपर फास्ट ट्रेन भी शामिल है। लेकिन यहाँ सिर्फ पैसेंजर ट्रेन और सरयू एक्सप्रेस का ही ठहराव होता है।
लंबी दूरी की Saket Express, संगम मुनव्वर एक्सप्रेस, Durg Express का ठहराव नहीं होता है। यहां मात्र 200 किलोमीटर तक सफर करने के टिकट ही मिल पाते हैं। लेकिन यहां से 200 किलोमीटर तक भी सभी स्टेशनों के टिकट भी हमेशा नहीं मिलते हैं।
यहां पर पेयजल के लिए व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी में यात्रा करने वाले यात्री बोतल में घर से पानी लेकर आते हैं। Platform पर यात्रियों के पेयजल के लिए कुल 3 इंडिया मार्का हैंडपंप लगाए गए है। जिसमें दो हैंडपंप खराब हो गए और एक हैंडपंप प्रदूषित पानी दे रहा है।
साफ सफाई ना होने से रेलवे स्टेशन के आस पास और Platform पर कूड़ा और गंदगी फैली रहती है। प्लेटफॉर्म भी जगह जगह टूटा और क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जो यात्रियों के लिए दुर्घटना का कारण बनते हैं। प्लेटफॉर्म के किनारे झाड़ सरपत घिरा होने के कारण सांप बिच्छू और जहरीले जंतुओं का डर हमेशा बना रहता है।
चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में छाया के लिए प्लेटफार्म पर बनाया गया शेड भी टूट गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म पर बनाया गया काफी पुराना शौचालय पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और प्रयोग करने की हालत में नहीं है। जिससे सबसे अधिक दिक्कतें महिलाओं और बच्चों को होती है।
यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म पर प्रकाश की भी कोई व्यवस्था नहीं है। पूरी रात हाल्ट रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्म अंधेरे में डूबा रहता है। रात में ट्रेन से आने जाने वाले यात्रियों के लिए असुरक्षा बनी रहती है। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के बैठने के लिए लगाई गई स्थाई बेंच टूट गई है। यात्रियों के बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
यहाँ पर टिकट वितरण का कार्य भी ठेके पर चल रहा है। टिकट वितरक दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि उनके द्वारा कई वर्षों से हाल्ट रेलवे स्टेशन पर ठेके पर टिकट का वितरण किया जा रहा है। बताया कि ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए यहां काफी असुविधा है।
भीषण गर्मी में पेयजल की व्यवस्था ना होने से यात्रियों को दिक्कत होती है। क्षेत्रीय लोगों द्वारा बीकापुर तहसील मुख्यालय का रेलवे स्टेशन होने के कारण काफी अरसे से हाल्ट रेलवे स्टेशन मलेथू कनक का नाम बदलकर बीकापुर रेलवे स्टेशन का नाम किए जाने की मांग की जाती रही है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

