Ayodhya news: बिजली व्यवस्था ध्वस्त: ओवरलोड उपकेंद्रों से लो-वोल्टेज और अघोषित कटौती से लोग परेशान

Spread the love

अयोध्या। मई की भीषण गर्मी ने शहर की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी है। 32 में से अधिकतर विद्युत उपकेंद्र ओवरलोड चल रहे हैं और पूरे नगर में आपूर्ति लड़खड़ा गई है। कहीं लो-वोल्टेज का संकट है तो कहीं अघोषित कटौती की मार।

हालात ये हैं कि बिजली बिल तो पूरा आ रहा है, पर आपूर्ति आधी भी नहीं मिल रही। सोमवार से लेकर मंगलवार तक आठ से अधिक विघुत उप केन्द्रों द्वारा कटौती की कटार उपभोक्ताओं पर चलाई जाती रही। गंभीर बात यह है कि कटौती के समय अवर अभियन्ता से लेकर एसडीओ और उप केन्द्र कर्मचारी काल तक रिसीव नहीं करते हैं।

कौशलपुरी फेस-2, कौशल सदन व सुपरमार्केट क्षेत्र में अतिशय लो-वोल्टेज और हर 10 सेकंड पर फ्लक्चुएशन से लोग बेहाल हैं। फ्रिज, टीवी, एसी, पंखे तक नहीं चल पा रहे। कॉलोनी के राजेश अग्रवाल बताते हैं बल्ब टिमटिमा रहे हैं। हर 10 सेकंड में वोल्टेज झटके मार रहा है। महंगे उपकरण जलने का डर लगा रहता है।

महिलाओं का कहना है कि मोटर न चलने से पानी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों के कंप्यूटर व बिलिंग मशीनें बार-बार बंद हो रही हैं। व्यापार बुरी तरह प्रभावित है। शिकायत के बावजूद 1912 पर सुनवाई नहीं हुई। जेई फोन तक नहीं उठाते हैं।

शहर के अन्य इलाकों का भी बुरा हाल

शक्तिनगर-देवकाली में अघोषित कटौती की कटार चल रही है। सोमवार रात शक्तिनगर कालोनी और देवकाली क्षेत्र में बिजली की आवाजाही जारी रही। रात 12 बजे गई तो दो बजे आई उसके बाद फिर चली गई। विघुत उप केन्द्र देवकाली द्वारा कोई सुनवाई नहीं की गई। वहीं मुमताजनगर में भी लगातार फेस उड़ने से घंटों आपूर्ति बाधित रहती है।

चौक क्षेत्र में ओवरलोड के चलते दो ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। मरम्मत के नाम पर घंटों शटडाउन लिया जा रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार बढ़ी मांग के मुकाबले क्षमता न बढ़ने से 32 में से अधिकतर उपकेंद्र ओवरलोड हो गए हैं। ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ने से वोल्टेज ड्रॉप और ट्रिपिंग की समस्या आम हो गई है। कौशलपुरी के लोगों ने अधिशासी अभियंता से तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान की मांग की है।

चेतावनी दी है कि सुनवाई न होने पर विभागीय कार्यालय पर प्रदर्शन होगा।इस संबंध में जब अधिशासी अभियंता से संपर्क का प्रयास किया गया तो संपर्क नहीं हो सका। अलबत्ता एसएसओ देवकाली अशोक कुमार ने बताया कि रात दो तीन पोल में फ्यूज उड़ने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी अब सामान्य है।


Spread the love

Related posts