– अब पांच दिवसीय होगा कार्यालय संचालन
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में बदलती कार्य संस्कृति का असर अब डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय में भी दिखाई देने लगा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नई कार्य व्यवस्था लागू करते हुए सप्ताह में पांच दिन कार्यालय संचालन का फैसला किया है।
नई व्यवस्था के तहत अब सोमवार से शुक्रवार तक विश्वविद्यालय के सभी कार्यालय नियमित रूप से संचालित होंगे, जबकि शनिवार को “वर्क फ्रॉम होम” प्रणाली लागू रहेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार कार्यालयों का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शनिवार को भले ही वर्क फ्रॉम होम रहेगा, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को विश्वविद्यालय बुलाया जा सकता है।

