
टू सिग्नेचर चित्रकला प्रदर्शनी: 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी, देशभर के नामचीन कलाकार और साहित्यकार होंगे शामिल
नई दिल्ली। ऑल इंडिया फाइन आर्ट्स एंड क्राफ्ट सोसायटी की गैलरी नंबर ए में आगामी 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘टू सिग्नेचर’ शीर्षक से भव्य चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। ताल-स्वरा: आर्ट, कल्चर एंड एजुकेशन फाउंडेशन, दिल्ली के सौजन्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में गुरु-शिष्या की कलात्मक यात्रा को रंगों और रेखाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
ताल-स्वरा फाउंडेशन के निदेशक डॉ. नकुल कुमार ने बताया कि यह प्रदर्शनी कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इसमें जाने-माने चित्रकार एवं रूपचंद फाइन आर्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक रूपचंद की आध्यात्मिक और भारतीय सांस्कृतिक यात्रा को दर्शाती ‘रूप के साधु’ श्रृंखला प्रदर्शित की जाएगी। वहीं, हिमांशी आर्य की कला श्रृंखला ‘सोल विद इन’ में नारी जीवन की संवेदनाओं और मानव मन की भावनाओं को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा।
प्रदर्शनी में दोनों कलाकारों की अलग-अलग कलात्मक दृष्टि, प्रयोगधर्मिता और रचनात्मक अभिव्यक्ति देखने को मिलेगी। इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, मानवीय संवेदनाओं और कला के विविध आयामों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर देश के कई प्रतिष्ठित कलाकार, साहित्यकार और समाजसेवी शामिल होंगे। इनमें विश्वविख्यात मूर्तिकार पद्मश्री बिमान दास, पद्मश्री अशोक चक्रधर, पद्मश्री डॉ. चंद्रकांत संभाजी पांडव, वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व राजनयिक अमरेंद्र कठुआ, वरिष्ठ चित्रकार जितेन हजारिका, दिलीप हितकारी, आनंदनारायण और अजय समीर सहित कला एवं साहित्य जगत की कई जानी-मानी हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।
30 अक्टूबर से शुरू होने वाली यह प्रदर्शनी 5 नवंबर तक कला प्रेमियों के लिए खुली रहेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि ‘टू सिग्नेचर’ कला और संस्कृति के क्षेत्र में गुरु-शिष्या की रचनात्मक साझेदारी को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी।
