10वीं की छात्रा को फेल करने की साजिश का खुलासा, अंक संशोधित कर पास किया गया

Spread the love

अयोध्या। थाना इनायतनगर क्षेत्र के आजाद इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा नंदिनी को कथित तौर पर जानबूझकर फेल करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की जांच में स्कूल प्रशासन की गंभीर लापरवाही और अनियमितताएं उजागर हुई हैं। जांच के बाद छात्रा के प्रैक्टिकल अंक संशोधित कर दिए गए, जिससे नंदिनी हाईस्कूल परीक्षा में सफल हो गई।

जानकारी के अनुसार, नंदिनी को विभिन्न प्रैक्टिकल विषयों में महज चार-चार अंक दिए गए थे, जिसके कारण वह कुल अंकों में अनुत्तीर्ण हो गई थी। परिजनों ने इस पर आपत्ति जताते हुए शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने तुरंत जांच शुरू की।

जांच रिपोर्ट में पाया गया कि छात्रा के प्रैक्टिकल अंक उसके वास्तविक प्रदर्शन के अनुरूप नहीं थे। मूल्यांकन प्रक्रिया में लापरवाही और अनियमितता की पुष्टि होने के बाद नंदिनी के अंक संशोधित कर दिए गए। प्रैक्टिकल में उसके अंक 25 से 30 तक बढ़ाए गए, जिसके बाद उसका परिणाम बदल गया और वह परीक्षा में पास घोषित कर दी गई।

मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल की सेवा पहले ही समाप्त कर दी थी। साथ ही सहायक अध्यापक देव कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ पवन कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित छात्रा को संशोधित अंकपत्र उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी संबधित आरोपियों पर कार्रवाई प्रचलित है।


Spread the love

Related posts