सेवा ज्योति यात्रा: डॉ. सर्वेश वर्मा का शक्ति प्रदर्शन, हजारों समर्थकों के साथ पहुंचे अयोध्या

Spread the love

सेवा ज्योति यात्रा: डॉ. सर्वेश वर्मा का शक्ति प्रदर्शन, हजारों समर्थकों के साथ पहुंचे अयोध्या

गोसाईगंज से सैकड़ों गाड़ियों का काफिला लेकर कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा नेता

बोले- पार्टी ने मौका दिया तो 2027 में बड़ी जीत की ओर बढ़ेगा गोसाईगंज

अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को लेकर अयोध्या में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ में गोसाईगंज विधानसभा से भाजपा के संभावित दावेदार डॉ. सर्वेश वर्मा ने अपने समर्थकों के साथ बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। गोसाईगंज से सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ हजारों समर्थक अयोध्या पहुंचे। कार्यक्रम में डॉ. सर्वेश वर्मा ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े का माला पहनाकर और रामनामी ओढ़ाकर स्वागत किया।

डॉ. सर्वेश वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे समर्थकों की बड़ी संख्या को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। समर्थकों के हाथों में भाजपा के झंडे और डॉ. सर्वेश वर्मा के बैनर नजर आए। गोसाईगंज से अयोध्या तक वाहनों के काफिले ने कार्यक्रम में उनकी राजनीतिक सक्रियता और संगठन के बीच अपनी मजबूत मौजूदगी का संदेश देने की कोशिश की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन भी सुना गया। इस दौरान मोदी सरकार के 25 वर्षों के सेवा संकल्प और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। डॉ. सर्वेश वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की। उनके 25 वर्ष के सेवा काल को सम्मान देने और उनके कार्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह संकल्प यात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। गोसाईगंज विधानसभा से हजारों समर्थकों का पहुंचना उनके लिए उत्साह और जनता के विश्वास का विषय है। डॉ. सर्वेश वर्मा ने कहा, “गोसाईगंज विधानसभा की जनता हमारे साथ है। हजारों समर्थक और सैकड़ों गाड़ियां विधानसभा से यहां पहुंची हैं। खास बात यह है कि लोगों ने खुद अपने वाहनों पर मेरे झंडे और बैनर लगाए और कार्यक्रम में पहुंचे। इतनी गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचने के लिए मैं गोसाईगंज की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

2027 में मौका मिला तो बड़ी जीत का दावा

विधानसभा चुनाव में गोसाईगंज से दावेदारी और पार्टी नेतृत्व द्वारा मौका दिए जाने के सवाल पर डॉ. सर्वेश वर्मा ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व ने अवसर दिया तो गोसाईगंज विधानसभा में बड़ी विजय की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि गोसाईगंज की जनता उनके साथ खड़ी है।राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो सेवा ज्योति यात्रा में डॉ. सर्वेश वर्मा का यह शक्ति प्रदर्शन 2027 की टिकट की दौड़ में अपनी दावेदारी को मजबूती से पेश करने की कवायद माना जा रहा है। हजारों समर्थकों और सैकड़ों वाहनों के साथ अयोध्या पहुंचकर उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन का संदेश देने की कोशिश की है। अब देखने वाली बात होगी कि 2027 के चुनाव में भाजपा नेतृत्व गोसाईगंज की सियासी जमीन पर किस चेहरे पर भरोसा जताता है।


Spread the love

Related posts