अर्नब तूफान का असर: तेज हवाओं से धान-गन्ने की फसलें गिरीं, हाईवे पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित

Spread the love

अर्नब तूफान का असर: तेज हवाओं से धान-गन्ने की फसलें गिरीं, हाईवे पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित

अयोध्या। अर्नब तूफान का असर रामनगरी अयोध्या में भी देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों से जनपद में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के चलते खेतों में खड़ी तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण धान की फसल खेतों में गिर गई है, जबकि तैयार गन्ने की फसल भी प्रभावित होने लगी है।

धान और गन्ने की फसल लगभग तैयार होने के समय किसानों के सामने नई चिंता खड़ी हो गई है। फसल गिरने से जहां कटाई प्रभावित होने की आशंका है, वहीं उपज पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह खराब रहा और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है।

मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद में अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है। किसानों की सबसे बड़ी चिंता इस समय खेतों में खड़ी तैयार फसलों को बचाने और संभावित नुकसान को कम करने की है।

हाईवे पर गिरा जामुन का पेड़, घंटेभर बाधित रहा यातायात

तेज बारिश और हवाओं के बीच बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के बिलारी माफी के पास प्रयागराज हाईवे पर एक बड़ा जामुन का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पेड़ को हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका।

टीन शेड के मकान पर गिरी पेड़ की डाल, पति-पत्नी घायल

उधर, तेज बारिश और तूफान के दौरान पूराकलंदर थाना क्षेत्र के शिवदासपुर शुक्ल का पुरवा में पेड़ की बड़ी डाल टीन शेड के मकान पर गिर गई। हादसे में गृह स्वामी जमुना प्रसाद शुक्ला और उनकी पत्नी को चोटें आई हैं। पेड़ की डाल गिरने के दौरान परिवार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने राहत और बचाव में मदद की।

अयोध्या में लगातार खराब हो रहे मौसम के बीच किसानों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


Spread the love

Related posts