Deepotsav 2026: अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

Spread the love

Deepotsav 2026: अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

अयोध्या। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने सरयू अतिथि गृह, हेलीपैड, राम कथा पार्क, तुलसी उद्यान, राम की पैड़ी समेत विभिन्न प्रमुख कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के साथ ही गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

अपर मुख्य सचिव ने राम की पैड़ी पर यूपीपीसीएल द्वारा कराए जा रहे कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, सुरक्षा और बैरिकेडिंग समेत श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के बाद आयुक्त सभागार में अधिकारियों के साथ दीपोत्सव-2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इस बार दीपोत्सव को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों को देश के विभिन्न राज्यों की रामलीला प्रस्तुतियों, मठ-मंदिरों में दीप प्रज्वलन और आकर्षक लाइटिंग की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। मुख्य कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय रामलीला को शामिल करने की भी तैयारी करने को कहा गया।

बैठक में पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पास व्यवस्था, ड्रोन लाइट और आतिशबाजी से जुड़ी तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


Spread the love

Related posts