
DIOS Office Transfer: स्थानांतरण आदेश के बाद भी सीट पर जमे कर्मचारी, कार्यमुक्ति को लेकर उठे सवाल
अयोध्या। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में तैनात दो कर्मचारियों के स्थानांतरण के करीब एक सप्ताह बाद भी कार्यमुक्त न किए जाने का मामला चर्चा में है। संयुक्त शिक्षा सचिव लालमणि यादव की ओर से 11 सितंबर को जारी स्थानांतरण सूची में वरिष्ठ लिपिक नीरज शुक्ला और पटल सहायक प्रदीप कुमार का स्थानांतरण किया गया था। इसके बावजूद दोनों के कार्यालय में अपनी-अपनी सीटों पर बने रहने को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।जारी सूची के अनुसार पटल सहायक प्रदीप कुमार का स्थानांतरण महामाया बालिका इंटर कॉलेज, इकौना, श्रावस्ती तथा वरिष्ठ लिपिक नीरज शुक्ला का स्थानांतरण राजकीय इंटर कॉलेज, अयोध्या किया गया है। दोनों कर्मचारियों के विरुद्ध पूर्व में भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कार्य करने संबंधी आरोप लगाए जाने की बात सामने आती रही है।
नीरज शुक्ला के संबंध में एक शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जिला विद्यालय निरीक्षक और सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक की मौजूदगी के बावजूद उनके स्थान पर हस्ताक्षर कर शासन को पत्र भेजा गया। शिकायत के बाद हुई जांच में मामला सही पाए जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में विभागीय स्तर पर आधिकारिक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
वहीं, प्रदीप कुमार पर मृतक आश्रित नियुक्ति समेत अन्य मामलों में अवैध वसूली के आरोप लगाए जाने की बात कही जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार उनके स्थानांतरण को रुकवाने के लिए जनप्रतिनिधि स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, नीरज शुक्ला के स्थानांतरण को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से शासन में पैरवी किए जाने की भी चर्चा है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
अधिकारी बोले-अभी आदेश नहीं आया
इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्थानांतरण की सूची जारी हुई है, लेकिन अभी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है।ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि यदि शिक्षा निदेशक (बेसिक) स्तर से स्थानांतरण सूची जारी हो चुकी है तो कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने के लिए विभागीय स्तर पर किस आदेश की प्रतीक्षा की जा रही है। अब देखना है कि दोनों कर्मचारियों को कब कार्यमुक्त किया जाता है और स्थानांतरण प्रक्रिया का अनुपालन कब सुनिश्चित होता है।
