
बीना खत्री का निधन: कांग्रेस कार्यालय में हुई शोक सभा, 15 सितंबर को होगा अंतिम संस्कार
पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की पत्नी बीना खत्री का निधन, कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा
अयोध्या। फैजाबाद के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. निर्मल खत्री की धर्मपत्नी श्रीमती बीना खत्री का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं और लखनऊ में अपने बेटे के साथ रहकर मैक्स अस्पताल में इलाज करा रही थीं।
बीना खत्री के निधन की सूचना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर कमला नेहरू भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की, जबकि संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया।
शोक सभा में कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बीना खत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि बीना खत्री का काफी समय से इलाज चल रहा था।
बताया गया कि बीना खत्री का पार्थिव शरीर लखनऊ से फैजाबाद स्थित डॉ. निर्मल खत्री के बजाजा आवास पर आज शाम करीब 6 बजे पहुंचने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार 15 सितंबर की सुबह 10:30 बजे बजाजा स्थित आवास से जमथरा घाट के लिए पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा के बाद किया जाएगा।
बीना खत्री वरिष्ठ पत्रकार हरिकृष्ण अरोड़ा की बहन थीं। उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त करते हुए डॉ. निर्मल खत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।
शोक सभा में महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, महेश वर्मा, कबिन्द्र साहनी, सेवादल जिला अध्यक्ष फ्लावर नकवी, दानिश जिया, मंसाराम यादव, राम अवध पासी, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अशोक राय, सुरेंद्र सिंह सैनिक, राजकुमार पांडे सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
