Hartalika Teej Ayodhya: हरतालिका तीज पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love

Hartalika Teej Ayodhya:  हरतालिका तीज पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वर नाथ मंदिर सहित शिवालयों में भोर से लगी महिलाओं की कतार

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में हरतालिका तीज के शुभ अवसर पर सोमवार को प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों महिलाओं ने पति की दीर्घायु और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने नागेश्वरनाथ और क्षीरेश्वरनाथ समेत प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा की।

हरतालिका तीज के अवसर पर महिलाओं द्वारा रखा जाने वाला व्रत विशेष धार्मिक महत्व रखता है। मान्यता के अनुसार महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना कर अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। कई महिलाएं इस दौरान निराहार और निर्जल व्रत रखती हैं।

रामनगरी के प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ मंदिर में तड़के करीब चार बजे से ही महिला श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई। हाथों में पूजा की थाली और जल लेकर महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती नजर आईं। मंदिर पहुंचीं महिलाओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली तथा पति की दीर्घायु की प्रार्थना की।

हरतालिका तीज को लेकर अयोध्या के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर में महिलाओं ने शिव-पार्वती का पूजन कर व्रत की परंपराओं का पालन किया। इस दौरान रामनगरी का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार हरतालिका तीज का व्रत भगवान शिव और माता पार्वती के दांपत्य प्रेम और समर्पण से जुड़ा है। सुहागिन महिलाओं के लिए यह व्रत विशेष महत्व रखता है और वे पूरे दिन श्रद्धा एवं आस्था के साथ भगवान शिव-पार्वती की आराधना करती हैं।


Spread the love

Related posts